गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी समेत कई नेताओं न

गढ़वा शहर के टाउनहॉल के सामने बाटा शोरूम का भव्य शुभारंभ

अरुण कुमार यादव/न्यूज़11 भारत  गढ़वा/डेस्क: गढ़वा शहर के टाउनहॉल के सामने देश की प्रतिष्ठित फुटवियर कंपनी बाटा के नए शोरूम का भव्य शुभारंभ किया गया. उद्घाटन समारोह में पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी, पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी, पूर्व सांसद घूरन राम सहित कई गणमान्य नेताओं ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शोरूम का शुभारम्भ किया. इस अवसर पर पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने कहा कि बाटा वर्षों से लोगों के विश्वास का प्रतीक रहा है. उन्होंने कहा कि गढ़वा में शोरूम खुलने से लोगों को अब बेहतर गुणवत्ता वाले फुटवियर स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगे.

पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ने कहा कि जिले में बड़े और प्रतिष्ठित ब्रांडों का आगमन गढ़वा के विकास और व्यापारिक संभावनाओं का सकारात्मक संकेत है. इससे स्थानीय रोजगार और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा.

गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि बाटा जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड का गढ़वा आना जिले के लिए गर्व की बात है. अब लोगों को अच्छी गुणवत्ता के जूते-चप्पल खरीदने के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. पूर्व सांसद घूरन राम ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रतिष्ठित शोरूम खुलने से जिले का व्यापारिक माहौल और मजबूत होगा. शोरूम के प्रोपराइटर पंकज तिवारी ने बताया कि अपनी मां के साथ खरीदारी के दौरान उन्हें गढ़वा में भरोसेमंद फुटवियर नहीं मिला था. तभी उन्होंने तय किया कि जिले के लोगों को एक विश्वसनीय ब्रांड उपलब्ध कराया जाए, और इसी सोच के साथ आज बाटा शोरूम की शुरुआत हुई. कार्यक्रम में शहर के कई व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे. सभी ने नए शोरूम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए संचालकों को शुभकामनाएं दीं.