झारखंड

सीताराम साव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर भरनो में गोलवलकर जयंती और छत्रपति शिवाजी जयंती हर्षोल्लास मनाई गई

प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत

भरनो/डेस्क: सीताराम साव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर,भरनो के सभागार में गुरुवार को राष्ट्रवादी चिंतक माधव सदाशिव राव गोलवलकर (गुरुजी) की जयंती एवं महान वीर योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास,श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई.इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति और प्रेरणादायक संदेशों से गूंज उठा.कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुजी गोलवलकर एवं छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया.इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित आचार्यों ने दोनों महान विभूतियों के जीवन,विचार और राष्ट्रहित में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला.

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार राय ने संबोधित करते हुए कहा कि गुरुजी गोलवलकर ने अपने विचारों के माध्यम से राष्ट्रभक्ति,अनुशासन, संगठन शक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का कार्य किया.उन्होंने समाज को एकता के सूत्र में बांधने और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को सशक्त बनाने का संदेश दिया.वहीं छत्रपति शिवाजी महाराज ने साहस,वीरता,न्याय और स्वराज की भावना को साकार कर भारत के गौरवशाली इतिहास में अमिट स्थान बनाया.

प्रधानाचार्य ने कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन संघर्ष,पराक्रम और नेतृत्व का अनुपम उदाहरण है.उन्होंने अत्याचार के विरुद्ध आवाज बुलंद करते हुए स्वराज की स्थापना की और जनता के कल्याण हेतु प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया.शिवाजी महाराज के आदर्श आज भी समाज को प्रेरणा देने का कार्य कर रहे हैं.कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, कविता पाठ, प्रेरक विचार एवं भाषण प्रस्तुत किए गए.

विद्यार्थियों की प्रस्तुति से सभागार में उत्साह और राष्ट्रभक्ति का वातावरण बन गया.बच्चों ने शिवाजी महाराज के पराक्रम और गुरुजी के विचारों पर आधारित संदेश देकर उपस्थित लोगों को प्रेरित किया.कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा सत्य,अनुशासन, साहस और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया.विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को शैक्षिक एवं प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया.

इस अवसर पर आचार्य मुकेश कुमार शाही, संतोष तिवारी, लिविंग केरकेट्टा, संयुक्ता देवी,ज्योति पांडेय सहित विद्यालय के अन्य आचार्यगण एवं बड़ी संख्या में भैया-बहनें उपस्थित थे.कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया.

यह भी पढ़ें: मतदान केन्द्रों एवं स्ट्रॉग रूम निरीक्षण कर एसपी सिमडेगा ने लिया सुरक्षा का जायजा