लातेहार जिले में 17 जून से 19 जून 2026 तक आयोजित त

गढ़वा पुलिस का पलामू क्षेत्रीय पुलिस मीट-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन

अरुण कुमार यादव/न्यूज़11 भारत गढ़वा/डेस्क: लातेहार जिले में 17 जून से 19 जून 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय पलामू क्षेत्रीय पुलिस मीट-2026 में गढ़वा जिले के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया. प्रतियोगिता के दौरान साइंटिफिक एड्स टू इन्वेस्टिगेशन, फोरेंसिक साइंस, क्राइम इन्वेस्टिगेशन, लॉ-रूल्स एंड जजमेंट, फिंगर प्रिंट, क्राइम सीन फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, लिफ्टिंग एंड पैकेजिंग, कंप्यूटर, मेडिको लीगल तथा डॉग स्क्वॉड सहित विभिन्न विषयों पर परीक्षा एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं.

इस पुलिस मीट में गढ़वा, पलामू एवं लातेहार जिले के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी प्रतिभागी के रूप में शामिल हुए. गढ़वा जिले के पुलिस अवर निरीक्षक आदित्य कुमार नायक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्राइम इन्वेस्टिगेशन एवं लॉ-रूल्स एंड जजमेंट, फोरेंसिक साइंस (लिखित परीक्षा) तथा सीन ऑफ क्राइम फोटोग्राफी में गोल्ड मेडल हासिल किया. इसके अलावा फिंगर प्रिंट प्रैक्टिकल एवं ओरल प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतकर कुल तीन गोल्ड और एक सिल्वर मेडल अपने नाम किया. उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें पलामू क्षेत्रीय पुलिस मीट-2026 का ओवरऑल इंडिविजुअल चैंपियन घोषित किया गया.

वहीं गढ़वा जिले के रंका अनुमंडल मुख्यालय में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक अभिजीत गौतम ने फोरेंसिक साइंस तथा मेडिको लीगल विषय में सिल्वर मेडल प्राप्त कर कुल दो सिल्वर मेडल अपने नाम किए. पूरे प्रतियोगिता के दौरान गढ़वा जिला पुलिस टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पलामू रेंज पुलिस ड्यूटी मीट-2026 में ओवरऑल रनर-अप का स्थान प्राप्त किया. इस उपलब्धि पर जिले के पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आमजन ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.