झारखंड

रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में यात्री बस में लूट और फायरिंग मामले में 4 अपराधी गिरफ्तार

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में यात्री बस में लूटपाट और फायरिंग की कोशिश करने वाले चार अपराधियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की सतर्कता और मौके पर मौजूद जवानों की तत्परता के कारण एक बड़ी आपराधिक वारदात टल गई. जानकारी के अनुसार, अपराधी यात्री बस में चढ़कर चालक से लूटपाट करने का प्रयास कर रहे थे. जब ड्राइवर ने विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी. हालांकि चालक ने झुककर अपनी जान बचा ली और गोली उसे नहीं लगी.

फायरिंग की आवाज सुनकर कुछ दूरी पर मौजूद पीसीआर-5 और ट्रैफिक पुलिस के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और हथियार के साथ एक आरोपी कुंदन कुमार को दबोच लिया. पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अभिजीत कुमार उर्फ हनी सिंह और नितिन पांडे को भी गिरफ्तार कर लिया. जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वारदात में इस्तेमाल हथियार उन्हें गोलू राम ने उपलब्ध कराया था. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोलू राम को भी हिरासत में ले लिया.

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी कुंदन कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से पहले सभी आरोपी अरगोड़ा चौक पर मौजूद थे और वहीं पार्टी कर रहे थे. बताया जा रहा है कि अपराधियों को घटना से कुछ समय पहले ही हथियार मिला था. ये भी पढ़ें- पूर्व मंत्री आलमगीर आलम की रिहाई का रास्ता साफ, सुप्रीम कोर्ट के नेट पर अपलोड हुआ ऑर्डर