कुकड़ू प्रखंड के दारूदा गांव स्थित मिलन चौक-आदरडीह

दारूदा में जर्जर सड़क की पूर्व जिप उपाध्यक्ष ने कराया मरम्मत, ग्रामीणों को मिली राहत

संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत चांडिल/डेस्क: कुकड़ू प्रखंड के दारूदा गांव स्थित मिलन चौक-आदरडीह मुख्य सड़क पर बने गड्ढों और जलजमाव से परेशान ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिल गई. कई महीनों से सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी, वहीं आसपास के घरों में भी पानी घुसने लगा था. ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने समस्या की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी थी, लेकिन कोई पहल नहीं की गई. इसके बाद ग्रामीणों ने पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव उर्फ माझी साव से संपर्क किया. सूचना मिलने पर रविवार को पूर्व जिप उपाध्यक्ष अशोक साव स्वयं मौके पर पहुंचे और जेसीबी मशीन की मदद से मेंटल डालकर सड़क की मरम्मत कराई. इस कार्य में तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने भी सहयोग किया. सड़क की मरम्मत पूरी होने के बाद ग्रामीणों ने राहत जताते हुए अशोक साव का आभार व्यक्त किया है.