झारखंड

गढ़वा में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का आक्रमक अंदाज, राज्य निर्वाचन आयोग और अधिकारी को दी चेतावनी

अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत

गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर है. मतदान में महज चार दिन शेष रहने के कारण सभी दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है. इसी क्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के प्रचार के लिए गढ़वा पहुंचे. गढ़वा पहुंचते ही उन्होंने ऐतिहासिक बाबा बंशीधर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की. मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने शहर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क एवं सभा को संबोधित किया. प्रशासन को दी सख्त चेतावनी सभा को संबोधित करते हुए रघुवर दास का तेवर काफी आक्रामक नजर आया. उन्होंने शासन और प्रशासन को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाए.उन्होंने कहा यह याद रखें कि आज सरकार भले झारखंड में हो, लेकिन केंद्र दिल्ली में है. यहां अगर कोई गड़बड़ी होगी तो उसका असर वहां तक जाएगा.

उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री ने गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष पद की भाजपा समर्थित उम्मीदवार कंचन जायसवाल के पक्ष में मतदान करने की अपील की. उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे विकास, पारदर्शिता और सुशासन के लिए भाजपा को समर्थन दें. राज्य सरकार पर गंभीर आरोप अपने संबोधन में रघुवर दास ने राज्य की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड में लूट, भ्रष्टाचार और कुशासन हावी है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों और नक्सलियों से सांठगांठ कर काम कर रही है. उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसे तत्वों को समर्थन न दें और नगर निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाकर मजबूत संदेश दें. गढ़वा में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. मतदान से पहले बड़े नेताओं की सभाएं और दौरे माहौल को और भी गर्म कर रहे हैं. अब देखना यह होगा कि पूर्व मुख्यमंत्री की इस सभा का मतदाताओं पर कितना असर पड़ता है.

यह भी पढ़ें: ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के लिए गढ़वा DC ने जारी किया आदेश, शिकायतों से निपटने के लिए पदाधिकारी किए गए अधिकृत