चंदवा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
राहुल कुमार/न्यूज11भारत चंदवा/डेस्क: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओडिशा के पूर्व राज्यपाल का सोमवार को चंदवा आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. वे रांची से पलामू प्रमंडल के दौरे पर जा रहे थे. इस दौरान स्थानीय गायत्री मंदिर मोहल्ला स्थित पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की.
कार्यक्रम में विधायक प्रकाश राम एवं भाजपा जिलाध्यक्ष बंशी यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रघुवर दास का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर अभिनंदन किया. इस अवसर पर पूर्व विधायक हरेकृष्णा सिंह तथा राजधानी यादव का भी स्वागत किया गया.
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को नक्सलवाद से मुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने राज्य की वर्तमान सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनावी वादों के बावजूद कई महत्वपूर्ण योजनाओं को बंद कर दिया गया है.
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया. साथ ही प्रदेश में चल रहे एसआईआर कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा कमल सहयोग समितियों के माध्यम से लोगों की सहायता करने की अपील की.
वहीं विधायक प्रकाश राम ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य होने के बावजूद अपेक्षित विकास नहीं कर पाया है. उन्होंने कहा कि जिले में कई बड़े औद्योगिक एवं कॉरपोरेट संस्थान कार्यरत हैं, लेकिन उनके कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) फंड का समुचित उपयोग नहीं हो रहा है.
कार्यक्रम के दौरान सीसीएल राजहरा क्षेत्र की ओर से 30 महिलाओं के बीच सिलाई मशीनों का वितरण किया गया. कार्यक्रम का संचालन आदेश रविराज ने किया.
मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह, विनय कुमार रिकी, दीपक निषाद, शिकेश्वर यादव, छोटू राजा, प्रेम शंकर भगत, महेंद्र प्रसाद साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.