भरनो प्रखंड क्षेत्र में शनिवार शाम को अचानक बदले म

भरनो में वज्रपात की चपेट में आकर किसान की एक भैंस की हुई मौत, किसान को भारी नुकसान

प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़ 11 भारत  गुमला/डेस्क: भरनो प्रखंड क्षेत्र में शनिवार शाम को अचानक बदले मौसम के बीच हुई बारिश और वज्रपात ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया. प्रखंड के दुम्बो भगतटोली गांव में आसमानी बिजली गिरने से किसान अशोक महतो का एक दुधारू भैंस की मौत हो गई. इस घटना से प्रभावित किसान सदमे में है तथा प्रशासन से मुआवजे की मांग कर मदद की गुहार लगाई है. जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम को क्षेत्र में अचानक मौसम खराब हो गया. तेज गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हुई और वज्रपात की घटना हुईं. यहां दुम्बो भगतटोली निवासी किसान अशोक महतो का एक दुधारू भैंस घर से कुछ दूरी पर घास चरने गई हुई थी.

बारिश के दौरान अचानक गिरी आसमानी बिजली की चपेट में आने से भैंस की मौके पर ही मौत हो गई. किसान अशोक महतो ने बताया कि भैंस उसके परिवार की आय का महत्वपूर्ण स्रोत थी. उसकी मौत से उन्हें आर्थिक क्षति पहुंची है. इधर ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं से क्षेत्र के लोग भयभीत हैं. प्रशासन से मांग की है कि पशुधन हानि का शीघ्र आकलन कर प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके. इधर प्रभावित किसान ने भी अंचल प्रशासन और जिला प्रशासन से अविलंब मुआवजा देने की मांग करते हुए कहा है कि पशुपालन ही उनकी आजीविका का प्रमुख साधन है. ऐसे में दुधारू भैंस की मौत से उन्हें भारी आर्थिक झटका लगा है.