बेंगाबाद के महदईया में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण, ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन ने रोका का निर्माण कार्य
मनीष मंडल/न्यूज11 भारत बेंगाबाद/डेस्क: गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत सोनबाद पंचायत के महदैया मौजा में सरकारी गैर मजरूआ जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा फर्जी दस्तावेज बनाकर अतिक्रमण और घेराबंदी किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि माफिया यहां बाउंड्री वॉल का निर्माण करा रहे थे.
जैसे ही इसकी सूचना ग्रामीणों को मिली, उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया. ग्रामीणों की शिकायत पर बेंगाबाद के अंचल अधिकारी सफी आलम और थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों को देखते ही वहां काम कर रहे सभी मजदूर मौके से फरार हो गए.
अंचल अधिकारी ने निर्माण कार्य को तुरंत रुकवा दिया और जमीन से संबंधित कागजात की मांग की. उन्होंने कहा कि पहले सरकारी जमीन को चिन्हित किया जाएगा. इसके बाद अतिक्रमण कर निर्माण करा रहे भू-माफियाओं की पहचान कर उनके खिलाफ नोटिस भेजी जाएगी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्षों से महदैया गांव के ग्रामीण इसी जमीन पर गाय, बैल और बकरी जैसे मवेशियों के लिए चारागाह के रूप में इस्तेमाल करते आ रहे थे. अब भू-माफिया द्वारा फर्जी कागजात के सहारे इसे कब्जा करने से गांव में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों ने गिरिडीह उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.