झारखंड

कोडरमा में हाथियों का तांडव: ईंट भट्ठे पर सो रहे मजदूरों पर हमला, 2 की मौत, कई घायल

न्यूज़11 भारत कोडरमा/डेस्क: कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित कंझियाडीह पंचायत में हाथियों के झुंड ने देर रात कहर बरपाते हुए ईंट भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों पर हमला कर दिया. इस दर्दनाक घटना में बिहार के फतेहपुर निवासी 32 वर्षीय राजकुमार मांझी और 12 वर्षीय लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौरी देवी, कारी देवी सहित एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए.

बताया जाता है कि देर रात करीब दर्जनों हाथियों का झुंड अचानक भट्ठे पर पहुंचा और झोपड़ीनुमा घरों को तोड़ते हुए सो रहे मजदूरों पर हमला कर दिया. हाथियों के हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए मजदूर इधर-उधर भागने लगे. प्रत्यक्षदर्शी मजदूर धर्मेंद्र मांझी ने बताया कि हमले के दौरान उनका डेढ़ महीने का बच्चा झोपड़ी में फंस गया था. बच्चे को बचाने के लिए वे अंदर गए, लेकिन इसी दौरान उनका 12 वर्षीय बेटा लवकुश उनसे अलग हो गया और भटककर हाथियों के झुंड के पास पहुंच गया. हाथियों ने उसे सूंड से पटक-पटक कर मार डाला, जिससे उसका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया.

इसी दौरान पास के एक अन्य ईंट भट्ठे पर भी हाथियों का झुंड पहुंच गया और वहां भी उत्पात मचाया. भगदड़ के दौरान राजकुमार मांझी भाग नहीं सके और हाथियों ने उन्हें कुचल दिया. उनकी पत्नी गौरी देवी भी घायल हो गईं. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. कई मजदूरों की झोपड़ियां पूरी तरह से तबाह हो गई है. स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तत्काल राहत, मुआवजा और हाथियों के आतंक से सुरक्षा की मांग की है.

यह भी पढ़े: पलामू: छतरपुर में घरेलू विवाद बना मौत का कारण! व्यक्ति ने ली खुद की जान