डूरंड कप 2026: खिलाड़ियों एवं दर्शकों की सुरक्षा के लिए खेल विभाग एवं NICL की ऐतिहासिक पहल
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: खेल एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार ने नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (NICL) के सहयोग से डूरंड कप 2026 के रांची में आयोजित लीग मैचों के लिए खिलाड़ियों एवं दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की है. इस पहल के तहत रांची में आयोजित डूरंड कप लीग मैचों में भाग लेने वाले सभी भारतीय खिलाड़ियों को नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (NICL) द्वारा पूर्णतः निःशुल्क व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा (Personal Accident Insurance) उपलब्ध कराया गया है. इसके साथ ही, मैच देखने आने वाले दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पब्लिक लाइबिलिटी इंश्योरेंस (Public Liability Insurance) की भी व्यवस्था की गई है.
यह पहली बार है कि डूरंड कप के किसी मेज़बान राज्य में खिलाड़ियों एवं दर्शकों, दोनों के लिए इस प्रकार की व्यापक बीमा सुविधा उपलब्ध कराई गई है. यह पहल खेल आयोजनों में सुरक्षा, जोखिम प्रबंधन एवं खिलाड़ियों के कल्याण के प्रति झारखंड सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है. अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने भी इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा है कि डूरंड कप के इतिहास में किसी भी मेज़बान राज्य द्वारा खिलाड़ियों एवं दर्शकों के लिए इस प्रकार की समग्र बीमा व्यवस्था पहली बार की गई है. यह पहल भविष्य में देश के अन्य खेल आयोजनों के लिए भी एक प्रेरणादायक मॉडल सिद्ध होगी.
खेल एवं युवा कार्य निदेशालय तथा नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (NICL) के बीच यह सहयोग खेल क्षेत्र में सार्वजनिक संस्थाओं के प्रभावी समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है. यह पहल न केवल खिलाड़ियों एवं दर्शकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देती है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करती है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों का संचालन सर्वोच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो. झारखंड सरकार खेल अवसंरचना, खिलाड़ियों के कल्याण तथा सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय खेल आयोजनों के सफल संचालन के लिए निरंतर प्रयासरत है. डूरंड कप 2026 के माध्यम से राज्य ने खेल प्रबंधन एवं सुरक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है.
यह भी पढ़ें- झारखंड के प्रारंभिक शिक्षकों को नहीं मिलेगा ACP-MACP का लाभ, सरकार ने जारी किया आदेश