दुमका डीसी अभिजीत सिन्हा ने जरमुंडी प्रखंड और अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण
संतोष कुमार/न्यूज़ 11 भारत
बासुकीनाथ/डेस्क: दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा जरमुंडी प्रखंड कार्यालय एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संचालित विभिन्न योजनाओं एवं अभिलेखों का गहनता से अवलोकन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कर्मियों की कर्म-पुस्तिका, आगत एवं निर्गत पंजी की अद्यतन स्थिति, परिवारवाद पत्रों के निष्पादन, नजारत, रोकड़ बही, अग्रिम भुगतान पंजी, विपत्र उपयोगिता प्रमाण पत्र सहित जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र तथा वंशावली से संबंधित अभिलेखों की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने पेयजल व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि आमजनों को किसी भी प्रकार की पेयजल समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखें. उन्होंने सभी खराब चापानलों की शीघ्र मरम्मत कर उन्हें चालू स्थिति में लाने का निर्देश भी दिया.
इस दौरान प्रखंड के निरीक्षण हेतु गठित टीम के साथ उपायुक्त ने एक बैठक भी की. बैठक में टीम द्वारा शौचालय, पीडीएस, पेयजल आपूर्ति एवं आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया गया. उपायुक्त ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को अविलंब आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए.
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान, अनुमंडल पदाधिकारी कौशल कुमार सहित जिला एवं प्रखंड सह अंचल कार्यालय के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: खलारी डीएसपी ने मध्य रात्रि सघन गश्ती अभियान चलाया, संदिग्ध वाहनों की हुई जांच