चंदनकियारी में डीटीओ का सख्त वाहन जांच अभियान, पांच ट्रकों पर कार्रवाई; बालू-कोयला माफियाओं में हड़कंप
ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: चंदनकियारी: जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज ने शुक्रवार को चंदनकियारी की विभिन्न सड़कों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान छोटी-बड़ी कई वाहनों की जांच की गई और नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना भी वसूला गया.
अमलाबाद ओपी क्षेत्र अंतर्गत सीतानाला–तालगड़िया मुख्य सड़क पर जांच के दौरान कई वाहनों व ट्रकों को रोककर उनके कागजातों की जांच की गई. इस क्रम में पांच ट्रकों के परमिट व निबंधन अमान्य पाए जाने पर चालान काटकर जुर्माना वसूला गया.
इसके बाद डीटीओ ने चंदनकियारी से बरमसिया जाने वाली सड़कों पर भी अभियान चलाया. परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. जांच के डर से अधिकांश वाहन सड़कों से गायब रहे, जिससे कई घंटों तक सन्नाटा पसरा रहा.
इसी दौरान बालू व कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला. कई लोग अपने ट्रैक्टर व अन्य वाहनों को गली-मोहल्लों में छिपाते नजर आए.
इस संबंध में डीटीओ मारुति मिंज ने बताया कि यह विभाग द्वारा चलाया जाने वाला नियमित वाहन जांच अभियान है, जिसमें कागजातों की जांच के बाद नियमों के अनुसार चालान काटकर जुर्माना वसूला गया.
यह भी पढ़ें: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सूचना आयुक्त की फाइल को बगैर अनुमति के किया वापस