जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने पोस्टल बैलेट से मतदान को लेकर की बैठक, 14 अक्टूबर तक सूची उपलब्ध कराने का निर्देश
न्यूज़11 भारत जमशेदपुर/डेस्क: 45-घाटशिला (अ.ज.जा) विधानसभा उपचुनाव- 2025 में समावेशी मतदान कराते हुए शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में पोस्टल बैलट से मतदान को लेकर बैठक आयोजित की गई. बैठक में पोस्टल बैलट के माध्यम से होने वाले मतदान को लेकर निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई. एसेंशियल सर्विसेज श्रेणी में आने वाले विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मियों का मतदान विधानसभा उप चुनाव के दौरान सुनिश्चित कराने को लेकर कार्यालय प्रधानों को संबंधित आवश्यक प्रक्रिया से अवगत कराया तथा यह निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित कार्यालय प्रधान 14 अक्टूबर तक घाटशिला विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज सभी अधीनस्थों की सूची पोस्टल बैलेट कोषांग में अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दें. उन्होने कहा कि प्रत्येक मतदाता का वोट बहूमूल्य है, कोई भी मतदाता अपने मताधिकार के प्रयोग से वंचित नहीं रहें इसे सुनिश्चित करेंगे.