पिपरवार में विकास कार्यों की सौगात, विधायक रोशनलाल चौधरी ने पांच योजनाओं का किया शिलान्यास
मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत पिपरवार/डेस्क: बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी ने पिपरवार मंडल क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने कुल पांच महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी, जिनमें वर्षों से क्षेत्रवासियों की मांग रहे स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण भी शामिल है. विधायक चौधरी ने बचरा उत्तरी पंचायत, बचरा दक्षिणी पंचायत एवं किचटो पंचायत में 55-55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्र भवनों का शिलान्यास किया.इसके अलावा बचरा मध्य विद्यालय में 50 लाख रुपये की लागत से छह कमरों के निर्माण कार्य तथा हफुआ में 98 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क परियोजना का भी शिलान्यास किया गया.
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. इन योजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय लोगों को काफी लाभ मिलेगा.शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा एवं आजसू के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. प्रमुख रूप से सांसद प्रतिनिधि रविंद्र कुमार सिंह, लक्ष्मण मंडल, धीरेंद्र कुमार शर्मा, रामलाल महतो, धनराज गुप्ता, सुखी गंझू, इना देवी, रीना देवी, राघवेंद्र कुमार, अर्जुन महतो, विनोद सिंह, भीम सिंह यादव, उमेश मेहता, संजय मेहता, संजय पासवान, राजकुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे.