उपायुक्त ने की जेपीएससी परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए ब्रीफिंग
अजीत कुमार/न्यूज 11 भारत लातेहार/डेस्क: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में झारखण्ड संयुक्त असैनिक सेवा (JPSC) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ ब्रीफिंग की गई. दिनांक 19 अप्रैल 2026 (रविवार) को जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से मध्याह्न 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक निर्धारित है. अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र में प्रवेश एवं बायोमेट्रिक/फ्रिस्किंग की प्रक्रिया सुबह 08:00 बजे से प्रारंभ होगी तथा परीक्षा कक्ष में प्रवेश का समय सुबह 09:30 बजे निर्धारित किया गया है. ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त स्टैटिक एवं पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट , सभी संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सभी को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ करना सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर समयबद्धता, अनुशासन एवं अभ्यर्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए. साथ ही, किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की स्थिति में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करने को कहा गया.आगे उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देशित करते हुए कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए. परीक्षा केंद्रों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया.बैठक में परीक्षा के सफल संचालन हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित रहे. उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं.बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, अपर समाहर्ता रामा रविदास, डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक, संबंधित अन्य उपस्थित थे.