300 से अधिक उपभोक्ताओं के लिए 200 केवीए ट्रांसफार्मर लगाने की मांग, सहायक विद्युत अभियंता को सौपा आवेदन
न्यूज़11 भारत हुसैनाबाद/डेस्क: जपला धरहरा वार्ड संख्या-05 स्थित हरिजन विद्यालय के समीप लगे 100 केवीए विद्युत ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह 200 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग तेज हो गई है. इस संबंध में स्थानीय लोगों ने सहायक विद्युत अभियन्ता, जपला को आवेदन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में 180 वैध उपभोक्ताओं ने कंस्यूमर नंबर क़े साथ अपना हस्ताक्षर किया है, दिए गए आवेदन में कहा गया है कि लगभग 15 वर्ष पहले से स्थापित 100 केवीए का ट्रांसफार्मर है और बढ़ते विद्युत भार के कारण बार-बार खराब हो रहा है. इसे लगातार मरम्मत कर चालू किया जाता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है.बताया गया है कि वर्तमान में इस ट्रांसफार्मर से 300 से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जा रही है. क्षेत्र की आबादी और उपभोक्ताओं की संख्या कई गुना बढ़ने से मौजूदा ट्रांसफार्मर क्षमता से अधिक लोड वहन कर रहा है, जिससे बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होती है. इसका असर आम लोगों के दैनिक जीवन, विद्यार्थियों की पढ़ाई और छोटे व्यवसायों पर पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने विभाग से पुराने 100 केवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर 200 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर जल्द स्थापित कर क्षेत्र की बिजली समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है. साथ में पुराने केबल को बदलकर नया केबल कराने की मांग किया है.