मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिस यूनिवर्स झारखण्ड-2026 खिताब की विजेता प्रतिभागी दीपाली रिया ने की मुलाकात
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मिस यूनिवर्स झारखण्ड-2026 खिताब की विजेता प्रतिभागी दीपाली रिया ने मुलाकात की. मुख्यमंत्री से यह उनकी शिष्टाचार भेंट थी. इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दीपाली रिया को अपनी ओर से हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी.
इस मौके पर मुख्यमंत्री के समक्ष दीपाली रिया ने विगत 29 मार्च को रांची में आयोजित मिस यूनिवर्स झारखण्ड-2026 प्रतियोगिता का खिताब जीतने तक के सफर एवं अनुभवों को साझा किया. मुख्यमंत्री को उन्होंने अवगत कराया कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए पिछले एक वर्ष से अधिक समय से उन्होंने निरंतर कड़ी मेहनत की. इस दौरान रैंप वॉक, ग्रूमिंग क्लास और इंटरव्यू की विशेष तैयारी पूरी ईमानदारी और लगन के साथ की थी. वे बोकारो की निवासी हैं.
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दीपाली रिया की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि मिस यूनिवर्स झारखण्ड-2026 का ताज अपने नाम कर दीपाली रिया ने झारखंड के साथ-साथ पूरे बोकारो जिला का मान बढ़ाया है. इनकी सफलता आने वाले समय में अन्य प्रतिभागियों को प्रेरित करेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्रतिभा का धनी राज्य रहा है, यहां के प्रतिभागियों ने कई मौकों पर राज्य का गौरव बढ़ाया है.