नीट यूजी 2026 की तैयारी को लेकर डीसी-एसपी की समीक्षा बैठक, 21 जून को दो केंद्रों पर देंगे 960 अभ्यर्थी परीक्षा
रोहन निषाद/न्यूज11 भारत
चाईबासा/डेस्क: नीट यूजी 2026 परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की संयुक्त अध्यक्षता उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने की.
21 जून को दो केंद्रों पर होगी परीक्षा
बैठक में बताया गया कि जिले में नीट यूजी 2026 परीक्षा का आयोजन 21 जून 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक किया जाएगा. परीक्षा के लिए चाईबासा स्थित जिला स्कूल और मांगीलाल रुंगटा उच्च विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. दोनों केंद्रों पर कुल 960 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे.
मूलभूत सुविधाएं समय पर करें सुनिश्चित: डीसी
उपायुक्त मनीष कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वास्थ्य सहायता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं. उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और केंद्रों पर अनुकूल एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखा जाए.
यातायात और सुरक्षा पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने विधि व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा को लेकर निर्देश दिए. उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ पर रोक लगाने और परीक्षा अवधि में यातायात को सुचारू बनाए रखने को कहा. अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों को ट्रैफिक समस्या न हो, इसके लिए निरंतर निगरानी का निर्देश दिया गया.
एनटीए के दिशा-निर्देशों का हो शत-प्रतिशत पालन
बैठक में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया. अधिकारियों को परीक्षा पूर्व एवं परीक्षा दिवस तक शहर के लॉज, हॉस्टल और होटलों का नियमित निरीक्षण करने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए संसाधन तैयार रखने को कहा गया.उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, सुरक्षा एवं सुचारू संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी विभाग आपसी समन्वय से अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करें.बैठक में उप विकास आयुक्त, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा संबद्ध विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: परिसीमन पर राजनीति से सामाजिक सौहार्द को खतरा, झारखंडवासियों से एकजुट रहने की अपील