DC मंजूनाथ भजन्त्री ने जनता दरबार में सुनी जनता की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर किया निस्तारण
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची, मंजूनाथ भजन्त्री ने आज समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया. इस जनता दरबार में रांची जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आम नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान हेतु उपस्थित हुए.
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं. उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों का ऑन-स्पॉट निदान किया, जिससे नागरिकों को तत्काल राहत मिली. शेष समस्याओं को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रसारित कर दिया गया है, ताकि उनका शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित हो सके.
जनता दरबार के दौरान मुख्य रूप से भूमि संबंधी विवाद, राजस्व मामलों, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी बनने, आधारभूत सुविधाओं (जल, बिजली, सड़क आदि), पेंशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, आवास योजना एवं अन्य लोक कल्याणकारी मुद्दों पर चर्चा हुई. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी प्राप्त शिकायतों/आवेदनों का समयबद्ध निपटारा करें तथा नागरिकों को पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन उपलब्ध कराया जाए.
जनता दरबार में आई कुछ प्रमुख समस्या
अंचल अधिकारी को जाँच कर दाखिल ख़ारिज रद्द करने के निर्देश
(1) ग्राम -BIT मेसरा होंबई, पो- नेवरी निवासी द्वारा शिकायत की गई की उनके पति द्वारा खरीदा हुआ जमीन तथा उसपर बनाया हुआ घर को उसके द्वितीय पुत्र तथा अन्य के द्वारा लालच में आकर घर बिक्री कर दिया गया. जिसपर उपायुक्त द्वारा अंचल अधिकारी को जाँच कर दाखिल ख़ारिज पर निर्णय लेने का निर्देश दिया.
मामले को गंभीरता पूर्वक सुनते हुए अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची को जाँच कर कार्रवाई करने का निर्देश
(2) नामकुम निवासी गलत वंशावली बना कर इनके पति को नशे की हालत में जमीन के कागजात पर गलत तरीके से जमीन लिखा लिया.. जिसको लेकर उपायुक्त ने मामले को सुनते हुए अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची को जाँच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
जमीन पर चल रहें घर निर्माण कार्य को जाँच कर आगे की कार्रवाई करने का निर्देश
(3) थाना इटकी निवासी ने शिकायत करते हुए बताया की नगड़ी निवासी भू माफिया के साथ मिल कर भवन निर्माण कर रहा है. जिसपर उपायुक्त ने जमीन पर चल रहें घर निर्माण कार्य को जाँच करने का निर्देश सम्बंधित अधिकारी को दिया.
अंचल अधिकारी को त्वरित निर्देश देते हुए तत्काल पंचायत सचिव को शो -कॉज करने का निर्देश
(4) कविता उरांव पति स्व. बाबू राम उरांव, प्रखंड खलारी की मृत्यु वर्ष 2025 हो गई. पति का मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने को लेकर पंचायत सचिव पर शिकायत की गई. जिसपर उपायुक्त ने इसे गंभीरता पूर्वक संज्ञान लेते हुए अंचल अधिकारी खलारी को त्वरित निर्देश देते हुए तत्काल पंचायत सचिव को शो -कॉज करने का निर्देश दिया.
अंचल अधिकारी को तत्काल जमीन की नापी कराने का निर्देश
(5) सिल्ली निवासी(जो वर्तमान में गुजरात में कार्य करते है) इनके द्वारा जमीन ख़रीदा गया था, जिसपर उन्हें जमीन का सीमांकन नही किया गया. जिसपर उपायुक्त ने अंचल अधिकारी को तत्काल जमीन की नापी कराने का निर्देश दिया गया.
अंचल अधिकारी को जमीन नापी कराने के साथ अमीन पर कार्रवाई करते हुए उसे शो-कॉज करने का निर्देश
(6) निवासी ग्राम कंजिया पोस्ट थाना मांडर द्वारा मौज कंजिया में स्थित जमीन का मापी करने के लिए अंचल में आवेदन दिया. जबकि इन्होंने सारा शुल्क जमा कर दिया था. जिसपर उपायुक्त ने अंचल अधिकारी को जमीन नापी कराने के साथ अमीन पर कार्रवाई करते न हुए उसे शो-कॉज करने का निर्देश दिया.
"जनता दरबार जिला प्रशासन और आम जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु है
मंजूनाथ भजन्त्री ने इस अवसर पर कहा कि "जनता दरबार जिला प्रशासन और आम जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु है. हमारा उद्देश्य है कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनके द्वार पर ही त्वरित रूप से हो, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है कि प्रत्येक नागरिक को न्यायोचित एवं समय पर सेवा मिले."
जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से आयोजित ऐसे जनता दरबारों के माध्यम से हजारों नागरिकों की समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है
जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से आयोजित ऐसे जनता दरबारों के माध्यम से हजारों नागरिकों की समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है.