उच्च शिक्षा के लिए हरे लाल महतो ने दी आर्थिक सहायत

सीमित संसाधनों से रचा इतिहास, जिला टॉपर अनुपम लाहा को हरे लाल महतो ने किया सम्मानित

संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत

चांडिल/डेस्क: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के सुदूरवर्ती कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ईचाडीह गांव निवासी छात्र अनुपम लाहा ने झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) इंटरमीडिएट विज्ञान परीक्षा में 459 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बन पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है. अनुपम की इस शानदार उपलब्धि पर ‘जनसेवा ही लक्ष्य’ के संस्थापक एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो बुधवार को उनके आवास पहुंचे और उन्हें सम्मानित किया.

इस दौरान हरे लाल महतो ने अनुपम लाहा को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा आगे की पढ़ाई और नामांकन में सहयोग के उद्देश्य से आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की. उन्होंने अनुपम के माता-पिता को बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद इतनी बड़ी सफलता हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है.

हरे लाल महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर कठिन परिश्रम और लगन के बल पर अनुपम ने यह मुकाम हासिल किया है. आर्थिक तंगी के बावजूद परिवार ने बेटे की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी. उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है और अनुपम की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी.

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में उच्च शिक्षा के लिए अनुपम लाहा को किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी तो वे हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे.

वहीं, अनुपम लाहा ने कहा कि वह एक साधारण परिवार से आते हैं और उनके पिता एक किराना दुकान चलाते हैं. उन्होंने बताया कि बचपन से ही उनका सपना रक्षा सेवा में अधिकारी बनकर देश की सेवा करने का है.

अनुपम ने कहा कि ईचाडीह जैसे अत्यंत पिछड़े गांव में संसाधनों और आवागमन की पर्याप्त सुविधा नहीं होने के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और लगातार अपने लक्ष्य की ओर मेहनत करते रहे. उन्होंने कहा कि आज उनकी मेहनत का परिणाम सामने आने लगा है और उन्हें विश्वास है कि परिवार, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों के आशीर्वाद से वह आगे अपने सपनों को अवश्य पूरा करेंगे.

यह भी पढ़ें: पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन की अध्यक्षता में JMM की सभी 10 शाखाओं के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठ