झारखंड

गावां में 17 सूत्री मांगों को लेकर भाकपा-माले का प्रखंड मुख्यालय पर धरना, DC को सौंपा ज्ञापन

संदीप बरनवाल/न्यूज11 भारत गिरीडीह/डेस्क: गावां प्रखंड मुख्यालय के समक्ष भाकपा-माले के बैनर तले शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली समेत 17 सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक राजकुमार यादव शामिल हुए. धरना की अध्यक्षता सुरेश दास तथा संचालन प्रखंड सचिव सकलदेव यादव ने किया.

सभा को संबोधित करते हुए राजकुमार यादव ने कहा कि क्षेत्र में हत्या, लूट, डकैती, अपहरण और भ्रष्टाचार की घटनाएं बढ़ रही हैं तथा जनसमस्याओं की अनदेखी की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि गदर पावर ग्रिड को एनओसी मिलने के बावजूद कार्य शुरू नहीं हुआ है और अमतरो विद्यालय को अब तक स्वीकृति नहीं मिली है. उन्होंने चेतावनी दी कि 15 दिनों के भीतर कार्य शुरू नहीं होने पर फिर से सड़क पर विद्यालय संचालित किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष अमतरो में विद्यालय भवन जर्जर होने के कारण सड़क पर कक्षाएं संचालित की गई थीं. उस समय 15 दिनों में भवन निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ. उन्होंने यह भी कहा कि गावां प्रखंड के लगभग 60 प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहते हैं. सीडीपीओ से जांच कर कार्रवाई करने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि सुदूरवर्ती विद्यालयों में कई शिक्षक हाजिरी बनाकर गायब हो जाते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है.

राजकुमार यादव ने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. साथ ही प्रखंड में लगाए गए जल-नल योजनाओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि अधिकांश योजनाएं सुचारू रूप से संचालित नहीं हो रही हैं.

धरना-प्रदर्शन के बाद 17 सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन जिला उपायुक्त के नाम प्रखंड प्रशासन को सौंपा गया. इस मौके पर नागेश्वर यादव, पवन चौधरी, अशोक मिस्त्री, मुन्ना राणा, अकलेश यादव, अशोक यादव, अभिमन्यु यादव, रंजीत राम, राकेश यादव, मनीष यादव, मालती देवी, मुकेश कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: मानसून की पहली बारिश से भरनो में मिली गर्मी से राहत, किसानों के चेहरे खिले