बरवाडीह थाना क्षेत्र के लुहुर गैस गोदाम के समीप अप

सागवान की टहनी काटने को लेकर चचेरे भाइयों में खूनी झड़प, टांगी के वार से एक गंभीर

प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह थाना क्षेत्र के लुहुर गैस गोदाम के समीप अपने खेत में लगे सागवान पेड़ की टहनी काटने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. चचेरे भाइयों के बीच हुई झड़प में दो लोग घायल हो गए. घटना में नरेश भुइयां (करीब 50 वर्ष), पिता राजकुमार भुइयां गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया है.

जानकारी के अनुसार, राजबली भुइयां और उनके चचेरे भाई नरेश भुइयां के बीच अपने खेत में लगे सागवान पेड़ की टहनी काटने को लेकर विवाद हुआ. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि इसी दौरान टांगी से हमला कर दिया गया, जिससे नरेश भुइयां के गर्दन से सीने तक गंभीर चोट आई. घायल को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गर्दन से सीने के बीच 42 टांके लगाए. बाद में हालत गंभीर होने पर उन्हें एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर किया गया.

वहीं, इस घटना में राजबली भुइयां के पुत्र राजेंद्र भुइयां के हाथ में भी चोट लगी है. उसकी चोट हल्की बताई जा रही है. घायल के इलाज में डॉ. अनुपमा एक्का, डॉ. अमित कुमार सिंह, ड्रेसर राजेश चंद्र उर्फ बबलू, एएनएम भावना कुमारी और पूनम एक्का की टीम शामिल रही. इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद बरवाडीह पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. अस्पताल में एएसआई संजय चौधरी मौजूद रहे और घटना की जानकारी ली. पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.

यह भी पढ़ें: कथारा ओपी थाना परिसर में मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न, सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा पर्व