प्रखंड के इंदिरा गांधी चौक स्थित एक होटल के सभागार

चंदवा में कांग्रेस का एसआईआर संवाद कार्यक्रम, मतदाता सत्यापन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान

राहुल कुमार/न्यूज11 भारत लातेहार/डेस्क: प्रखंड के इंदिरा गांधी चौक स्थित एक होटल के सभागार में शुक्रवार को कांग्रेस की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के झारखंड प्रभारी के. राजू ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता से लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए घर-घर जाकर लोगों को फॉर्म भरने और प्रक्रिया की जानकारी दें. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि चंदवा प्रखंड में एसआईआर के तहत करीब 82 प्रतिशत मैपिंग का कार्य पूरा हो चुका है. 

पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित करना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है. मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि मेसो क्षेत्र में शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल हो, इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का आह्वान किया, जबकि रामयश पाठक ने जिले की भूमि संबंधी समस्याओं को प्रभारी के समक्ष रखा. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष असगर खान ने की. 

उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान किसी भी तरह की समस्या आने पर कार्यकर्ता तत्काल संगठन को सूचना दें, ताकि उसका समाधान कराया जा सके. कार्यक्रम में लोकसभा प्रभारी भीम कुमार, जिला प्रभारी निरंजन पासवान, जिला महासचिव निर्मल भारती समेत विभिन्न पंचायतों के पदाधिकारी, बीएलओ, बूथ स्तर के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में काँग्रेसी मौजूद थे.

यह भी पढ़ें: पाकुड़ के होनहार क्रिकेटर प्रियांशु का अंडर-19 राज्य टीम कैंप में चयन, डीसी ने खेल किट देकर किया सम्मानित