रांची:आदिवासी छात्रों के लिए निशुल्क कोचिंग सेंटर,आज CM हेमंत सोरेन करेंगे उद्घाटन
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड में अनुसूचित जनजाति (एसटी) विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल की शुरुआत होने जा रही हैं. आज सोमवार से दिशोम गुरु शिबू सोरेन इंजीनियरिंग और मेडिकल कोचिंग संस्थान अपने द्वार खोलने जा रहा हैं. इस विशेष अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कोचिंग सेंटर का उद्घाटन करेंगे. समारोह में राज्य के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा समेत अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति होगी. उद्घाटन कार्यक्रम दोपहर 12.30 बजे आयोजित किया जाएगा.
यह कोचिंग सेंटर विशेष रूप से अनुसूचित जनजाति विद्यार्थियों के लिए बनाया गया हैं. पहले सत्र में 300 विद्यार्थियों का चयन किया गया है, जो राज्य के विभिन्न शिक्षा बोर्डों से आते हैं. यह पहल राज्य सरकार के कल्याण विभाग की देखरेख में संचालित होगी.
सेंटर का संचालन कोटा के मोशन संस्थान को सौंपा गया हैं. कोचिंग हिंदपीढ़ी स्थित कल्याण विभाग के भवन में आयोजित की जाएगी, जिसे पहले से ही निर्मित किया गया था और अब इसे पूरी तरह से संसाधनों से लैस किया गया हैं. संस्थान परिसर में तीन छात्रावास भी हैं, ताकि विद्यार्थियों को रहने की सुविधा भी उपलब्ध हो सके. विद्यार्थियों को निःशुल्क अध्ययन सामग्री के साथ-साथ शिक्षण सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी चूंकि यह पहला सत्र है और नामांकन प्रक्रिया में कुछ विलंब हुआ है, इसलिए विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाओं का भी आयोजन किया जा सकता हैं.
इसके अलावा कल्याण विभाग ने यह भी घोषणा की है कि अगले शैक्षणिक सत्र से अनुसूचित जाति (एससी) और पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के विद्यार्थियों के लिए भी कोचिंग शुरू की जाएगी. इस कोचिंग में विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग और मेडिकल की तैयारी कराई जाएगी. कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने विभाग को निर्देश दिए है कि सभी आवश्यक तैयारियां जल्द पूरी की जाएं ताकि छात्रों को बेहतर शिक्षा और अवसर मिल सकें.
यह भी पढ़े: रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में व्यक्ति की हार्ट अटैक से मौत, इलाके में हंगामा