झारखंड

CISF की सतर्कता से डीजल चोरी का प्रयास नाकाम, 60 लीटर डीजल बरामद

मुमताज अहमद/न्यूज़ 11 भारत  खलारी/डेस्क: CCL के एनके एरिया अंतर्गत डकरा क्षेत्र में सीआईएसएफ की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से डीजल चोरी का एक प्रयास विफल हो गया. विशेष आसूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में सीआईएसएफ ने 60 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया, जबकि तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा.

जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ के क्राइम एंड इंटेलिजेंस विंग (सीआईडब्ल्यू) को डीजल चोरी की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद केडीएच चेक पोस्ट के पीछे संवेदनशील क्षेत्र में एम्बुश लगाया गया. इसी दौरान केडीएच माइंस की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर टीम की नजर पड़ी. बाइक पर रखे जेरिकेन को देखकर जवानों ने चालक को रुकने का संकेत दिया. सीआईएसएफ टीम को देखते ही बाइक सवार घबरा गया और पकड़ में आने के डर से जेरिकेन सड़क पर फेंककर भूतनगर की ओर भाग निकला. जवानों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह स्थानीय रास्तों का लाभ उठाकर फरार हो गया.

मौके से बरामद जेरिकेन की जांच में उसमें डीजल भरा हुआ पाया गया. बाद में सीआईडब्ल्यू और क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) ने संयुक्त रूप से डीजल को सुरक्षित कब्जे में लेकर सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया. केडीएच परियोजना के वर्कशॉप प्रभारी दिलीप कुमार द्वारा कराए गए मापन में जेरिकेन में कुल 60 लीटर डीजल पाया गया. सीसीएल की निर्धारित दर ₹139 प्रति लीटर के अनुसार इसकी कुल कीमत ₹ 8,340 आंकी गई. अभियान का नेतृत्व उप निरीक्षक (कार्यपालक) अनिल कुमार राय ने किया. उनके साथ सीआईडब्ल्यू के अन्य जवान भी शामिल थे. टीम की सतर्कता और पेशेवर कार्यशैली के कारण सीसीएल की संपत्ति को नुकसान होने से बचा लिया गया.

सीआईएसएफ यूनिट कमांडर एवं कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि खदान क्षेत्रों में डीजल चोरी, कोयला तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नियमित गश्त, एम्बुश, नाकाबंदी, आसूचना तंत्र और ड्रोन निगरानी का सहारा लिया जा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने अथवा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि सीआईएसएफ के लगातार विशेष अभियानों के कारण खदान क्षेत्रों में सक्रिय डीजल और कोयला तस्करों के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लग रहा है तथा अवैध कारोबार से जुड़े तत्वों में हड़कंप का माहौल है.

यह भी पढ़ें: 35 लाख की लागत से बने चार PCC सड़क का विधायक ने किया उद्घाटन,  चांडिल डैम रोड में पक्की नाली कार्य का किया शिलान्यास