CISF की बड़ी कार्रवाई: विश्रामपुर में 2.230 टन अवैध कोयला जब्त, केडीएच चेकपोस्ट पर 5.75 टन कोयला लदा हाईवा पकड़ा
मुमताज अहमद/न्यूज़ 11 भारत
खलारी/डेस्क: सीआईएसएफ ने एनके क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, भंडारण और चोरी के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शनिवार को दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाई में कुल लगभग 7.980 टन अवैध कोयला जब्त किया. विश्रामपुर इलाके में कोल रेड कर भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया गया, वहीं केडीएच चेकपोस्ट पर सघन जांच के दौरान चोरी की नीयत से ले जाए जा रहे कोयला लदे हाईवा को भी पकड़ा गया.
प्राप्त सूचना के आधार पर उप कमांडेंट अजय कुमार पांडे के निर्देशन में निरीक्षक रश्मि, आसूचना शाखा एवं ‘अ’ समवाय की विशेष छापामार टीम ने केडीएच खदान के समीप विश्रामपुर क्षेत्र में छापेमारी की. इस दौरान ग्रामीणों द्वारा जमा कर रखे गए 2.230 टन अवैध कोयला को जब्त किया गया. जब्त कोयले का वजन केडीएच कांटा घर में कराकर उसे सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया.
वहीं दूसरी ओर सीआईएसएफ के सघन चेकिंग अभियान के दौरान केडीएच चेकपोस्ट पर मोनेट कोल वाशरी, एनके एरिया का खाली बताकर बाहर निकल रहा हाईवा (पंजीकरण संख्या JH13D4095) संदेह के आधार पर रोका गया. डाला उठाने पर हाईवा के पिछले हिस्से से कोयला नीचे गिरने लगा. जांच में चालक वासुदेव कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. बाद में वजन कराने पर हाईवा में 5,750 किलोग्राम (5.75 टन) कोयला पाया गया. प्राथमिक जांच में कोयला चोरी की नीयत से बाहर ले जाए जाने की बात सामने आई.
सीआईएसएफ ने हाईवा, चालक और बरामद कोयला को कानूनी कार्रवाई हेतु खलारी थाना को सुपुर्द कर दिया है.
सीआईएसएफ एनके एवं पिपरवार क्षेत्र के कमांडेंट अमित कुमार के निर्देशन में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है. खदान क्षेत्रों और आसपास ड्रोन के माध्यम से निगरानी बढ़ा दी गई है. कमांडेंट अमित कुमार ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन, भंडारण और चोरी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र की राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा और कानून व्यवस्था हर हाल में बहाल किया जा सके.