अवैध कोयला चोरी और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई

सीआईएसएफ ने अवैध कोयला के विरुद्ध की बड़ी कार्रवाई, 2.800 टन कोयला और चार मोटरसाइकिल की जब्त

विश्वकर्मा भारती/न्यूज 11 भारत 

बेरमो/डेस्क -केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा अवैध कोयला चोरी एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई. खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 24 तथा केऔसुब अधिनियम, 1968 के तहत प्रदत्त शक्तियों के अनुपालन में सीआईएसएफ की एक एम्बुश टीम का गठन किया गया. टीम को बेरमो रेलवे फाटक, बोकारो (झारखंड) के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी हेतु तैनात किया गया था. रविवार की सुबह एम्बुश टीम द्वारा चार मोटरसाइकिलों पर कोयला लादकर आते कुछ व्यक्तियों को देखा गया.

सीआईएसएफ बल सदस्यों को देखकर 02 मोटरसाइकिल चालक अपनी मोटरसाइकिल एवं कोयला छोड़कर मौके से फरार हो गए. शेष दो मोटरसाइकिल चालकों द्वारा रुकने के संकेत की अवहेलना करते हुए भागने का प्रयास किया गया, जिसमें एक मोटरसाइकिल रेलवे क्रॉसिंग के निकट लोहे के पोल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. 05 और मोटरसाइकिल चालक दूर से सिस को देखकर पीछे की ओर भाग गए. सीआईएसएफ टीम द्वारा दोनों व्यक्तियों को मोटरसाइकिल एवं कोयले सहित पकड़ लिया गया. पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान (1) टिंकु साव, निवासी जरीडीह बाजार, गांधीनगर, बेरमो, जिला बोकारो (झारखंड) एवं (2) सागर कुमार, निवासी जरीडीह बाजार, गांधीनगर, बेरमो, जिला बोकारो (झारखंड) के रूप में हुई. जब्त किए गए कोयले का वजन कराने पर कुल वजन 2.800 टन पाया गया.

प्रारंभिक जांच में जब्त कोयला सीसीएल, बोकारो एवं करगली क्षेत्र से संबंधित पाया गया. कोयले के परिवहन अथवा स्वामित्व के संबंध में कोई वैध चालान या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया. घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार हेतु सेंट्रल अस्पताल, ढोरी ले जाया गया. उपचार के दौरान स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ का लाभ उठाकर सागर कुमार मौके से चला गया, जबकि टिंकु साव सीआईएसएफ अभिरक्षा में उपचाराधीन है. सीआईएसएफ द्वारा जब्त चार मोटरसाइकिलों, अवैध कोयले एवं पकड़ेे गए व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की संबंधित धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें: योगीडीह रामकृष्ण विवेकानंद सेवाश्रम की जनरल बॉडी बैठक में नई कमेटी का गठन