बोकारो ट्रेजरी घोटाला मामले में CID की जांच तेज, एक और आरोपी गिरफ्तार
न्यूज11 भारत बोकारो/डेस्क: झारखंड के बोकारो ट्रेजरी घोटाले में जांच तेज हो गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए CID ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है, जो पूरे प्रकरण की जांच पड़ताल कर रहा है. SIT की कार्रवाई के तहत बोकारो एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में तैनात कर्मी अशोक कुमार भंडारी को गिरफ्तार किया गया है. भंडारी को इस घोटाले के मुख्य आरोपी लेखापाल कौशल कुमार पाण्डेय का सहयोगी माना जा रहा है. जांच में सामने आया है कि कौशल कुमार पाण्डेय के बैंक खाते से अशोक कुमार भंडारी के खाते में करीब 50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे. अधिकारियों का आरोप है कि दोनों ने मिलकर फर्जी तरीके से कमान निर्गत कर सरकारी राशि की अवैध निकासी की. जांच में यह भी पाया गया है कि ट्रैवल अलाउंस बिलों का दुरुपयोग कर इस पूरे घोटाले को अंजाम दिया गया. 2020 से अब तक इस तरीके से 1.11 करोड़ रुपये से अधिक की राशि निकाली जा चुकी है. CID की SIT अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है. एजेंसी का कहना है कि मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.
ये भी पढ़ें- Assembly Elections 2026 EXIT POLL LIVE: किसके सिर होगा ताज ? सामने आए एग्जिट पोल के आंकड़े