विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के ज्ञापन पर नगर अध्य

छतरपुर नगर पंचायत में सड़क पर लग रही मछली दुकानों और मांस की गंदगी से मिलेगी राहत

संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत

पलामू/डेस्क:  पलामू जिले के छतरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क किनारे लगने वाली मछली दुकानों और मांस-मुर्गे की दुकानों से फैलने वाली गंदगी की समस्या का जल्द ही समाधान होगा. इस गंभीर जन समस्या को लेकर विश्व हिंदू परिषद सह बजरंग दल के जिला सह मंत्री शशिरंजन सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने छतरपुर नगर पंचायत के नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता उर्फ चुनमुन से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा.

सौंपे गए ज्ञापन में जिला सह मंत्री ने नगर अध्यक्ष का ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि छतरपुर नगर पंचायत के शहरी क्षेत्रों में चल रही मांस और मुर्गे की दुकानों से निकलने वाले कचरे के कारण गंदगी का अंबार लग रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों और वहां से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसके साथ ही सड़कों पर ही मछली की दुकानें सजाई जा रही हैं, जिसके कारण सड़क संकरी हो जाती है और पैदल चलने वाले राहगीरों को आवागमन में काफी तकलीफ उठानी पड़ती है. उन्होंने नगर अध्यक्ष से इस समस्या का जल्द से जल्द स्थाई निदान करने की मांग की.

इस मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने वीएचपी और बजरंग दल के पदाधिकारियों को पूरी तरह आश्वस्त किया. उन्होंने कहा कि बहुत जल्द ही सड़क पर लगने वाली मछली दुकानों को एक व्यवस्थित और चिन्हित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा, जिससे राहगीरों और नागरिकों को जाम व अन्य समस्याओं से मुक्ति मिलेगी. इसके साथ ही उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि क्षेत्र में जो भी मांस और मुर्गे की दुकानें संचालित हो रही हैं, उन्हें साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना होगा. सभी दुकानदारों को नगर पंचायत कार्यालय के नियमों और दिशा-निर्देशों के दायरे में रहकर ही अपना व्यवसाय करना होगा, लापरवाही बरतने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

इस महत्वपूर्ण मुलाकात और ज्ञापन सौंपने के मौके पर विश्व हिंदू परिषद छतरपुर के सह संयोजक कुंदन जायसवाल, नगर पंचायत कार्यालय के सिटी मैनेजर मुर्तजा अंसारी और स्थानीय समाजसेवी टीनू वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें: नाबालिग अपहरण मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार, कई मामलों में था वांछित