उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले

उत्पाद सिपाही पेपर लीक मामले में 179 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, संज्ञान लेकर सौंपा जाएगा पुलिस पेपर

न्यूज़11 भारत  रांची/डेस्क: उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले में 179 आरोपियों के खिलाफ तमाड़ पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की है. अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गयी है. चार्जशीट पर संज्ञान लेकर आरोपियों को पुलिस पेपर सौंपी जाएगी. मामले को लेकर 11 अप्रैल को पुलिस ने कार्रवाई की थी. मामले में 166 आरोपियों को तमाड़ के रड़गांव से गिरफ्तार  किया गया था. गिरफ्तार आरोपियों में अंतराज्यीय पेपर लीक और पेपर सॉल्वर गिरोह सरगना के 5 आरोपी भी शामिल थे. इसके बाद भी कई की गिरफ्तारी हुई है. 

तमाड़ के रड़गांव में एक अर्धनिर्मित भवन पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को जमा किया गया था, जहां  गैंग के एजेंटों द्वारा अभ्यर्थियों को प्रश्न और उसके उतर रटाया जा रहा था. 11 अप्रैल की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि रड़गांव में एक अर्धनिर्मित भवन पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगा है. जिसको लेकर विशेष छापेमारी दल ने देर रात धावा बोला. जैसे ही छापेमारी दल भवन के पास पहुंची, लोग इधर-उधर भागने लगे. लेकिन कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 166 को धर दबोचा था. सभी अभ्यर्थियों को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है. गिरोह के कई लोग जेल में बंद है. मामले में तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. 

यह भी पढ़ें- चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले भगोड़े प्रिंस खान के दो मुख्य गुर्गे बिहार से गिरफ्तार