सदर अस्पताल में पानी संकट से हाहाकार, महिलायें समेत मरीज बेहाल
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: राजधानी के सदर अस्पताल में पानी की गंभीर कमी ने स्वास्थ्य व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है. अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों को इस संकट के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अस्पताल के आईसीयू, जनरल वार्ड, लेबर रूम, इमरजेंसी और ओपीडी जैसे अहम विभागों में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई, जिससे हालात और बिगड़ गए. भीषण गर्मी के बीच कुछ समय के लिए पूरा अस्पताल मानो 'ड्राई जोन' में बदल गया. पानी की कमी का सीधा असर साफ-सफाई और इलाज से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाओं पर पड़ा. नर्सिंग स्टाफ और सफाईकर्मियों को सीमित संसाधनों के बीच काम करना पड़ा, जिससे उन पर अतिरिक्त दबाव बना रहा. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने नगर निगम से संपर्क कर पानी के टैंकर मंगवाए. टैंकरों के माध्यम से अस्थायी रूप से पानी की आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की गई, हालांकि समस्या का स्थायी समाधान अभी बाकी है. ये भी पढ़ें- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा में नव पदस्थापित अधिकारियों ने की मुलाकात, देखें PHOTOS