गुप्त सूचना के आधार पर CISF और CCL सुरक्षा विभाग क

B&K क्षेत्र के कारो परियोजना में अवैध कोयला कारोबार पर CCL का बड़ा प्रहार, संयुक्त छापेमारी में 45 बाइक जब्त

न्यूज़11 भारत  बोकारो/डेस्क: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के बीएंडके (B&K) क्षेत्र की कारो परियोजना स्थित DC-CPL पैच में शनिवार को अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया. महाप्रबंधक संजय कुमार झा के निर्देशन में CISF और CCL सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध कारोबार से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में अवैध रूप से जमा किया गया कोयला बरामद किया, जिसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसके अलावा कोयले की ढुलाई और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली करीब 45 मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया.

जंगल का सहारा लेकर फरार हुए तस्कर संयुक्त टीम के मौके पर पहुंचते ही अवैध खनन और तस्करी में शामिल लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. सुरक्षा बलों की मौजूदगी का पता चलते ही अधिकांश तस्कर आसपास के घने जंगलों का फायदा उठाकर भाग निकले. हालांकि, अभियान के दौरान उनके द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे संसाधनों को जब्त कर लिया गया, जिससे अवैध नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.

लगातार मिल रही थीं कोयला चोरी की शिकायतें कार्रवाई के बाद मीडिया से बातचीत में CCL के महाप्रबंधक संजय कुमार झा ने बताया कि DC-CPL पैच और उसके आसपास के क्षेत्रों से पिछले कुछ समय से बड़े पैमाने पर अवैध खनन और कोयला चोरी की शिकायतें मिल रही थीं. इन सूचनाओं के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष अभियान चलाया गया. उन्होंने कहा कि अवैध खनन और कोयला तस्करी से न केवल CCL को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि राज्य सरकार के राजस्व पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. कंपनी की परिसंपत्तियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नियमित रूप से सघन अभियान चलाए जाते रहेंगे.

यह भी पढ़ें- रांची के नए सिविल सर्जन डॉ अमरेंद्र प्रसाद ने ग्रहण किया पदभार, कहा- स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाएंगे