झींकपानी में नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज, युवक पर आरोप
रोहन निषाद/न्यूज़11 भारत चाइबासा/डेस्क: झींकपानी थाना क्षेत्र के हाई स्कूल कॉलोनी जोड़ापोखर निवासी ज्योतिफल मुंडा ने आज जुलाई 2026 को अपनी 17 वर्षीय बेटी के अपहरण को लेकर थाना में मामला दर्ज कराया है. आवेदन में बताया गया कि उनकी बेटी 14 जून 2026 को सुबह 4 बजे घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी. खोजबीन के दौरान पता चला कि वह रांची में है. इस संबंध में बेटी के दोस्त अरूप कच्छप उर्फ सुमो कच्छप से फोन पर पूछताछ की गई तो उसने बेटी के रांची में होने से इनकार कर दिया.पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि इससे पहले 1 नवंबर 2025 को भी अरूप कच्छप उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर रांची के अरगोड़ा ले गया था. उस समय अरूप की मां के हस्तक्षेप के बाद 3 नवंबर 2025 को लड़की को घर पहुंचाया गया था. पीड़ित ने आशंका जताई कि इस बार भी अरूप कच्छप ने ही उनकी बेटी का अपहरण कर कहीं ले जाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है, उसके बाद खुलासा होगा.