BREAKING: रांची से दिल्ली जा रहा एयर एंबुलेंस क्रैश, चतरा के जंगलों में गिरा विमान; 7 लोगों की मौत की आशंका
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: बड़ी खबर सामने आ रही है. रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला मेडिकल एंबुलेंस एयरक्राफ्ट रडार से गायब होने के बाद चतरा के सिमरिया में क्रैश हो गया है. चतरा के सिमरिया थाना क्षेत्र के खासियातू करम टांड़ जंगल में पुलिस पहुंची है. जानकारी के अनुसार विमान में 7 लोग सवार थे. विमान 7 बजे शाम में रांची स्टेट हैंगर से दिल्ली के लिए उड़ा था. उड़ान भरने के बाद विमान रडार से गायब हो गया था, जिसके बाद से ही उसकी खोजबीन जारी थी.
झारखंड के चतरा से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है. रांची स्थित बिरसा मुंडा ऐटपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला एक मेडिकल एयर एंबुलेंस विमान तकनीकी खराबी के बाद रडार से गायब हो गया और बाद में दुर्घटनाग्रस्त पाया गया. हादसा सिमरिया थाना क्षेत्र के खासियातू करम टांड़ स्थित घने जंगलों में हुआ है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार विमान अचानक संतुलन खोता हुआ दिखाई दिया और तेज धमाके के साथ जंगल में जा गिरा. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विमान में कुल सात लोग सवार थे, जिनके मृत होने की आशंका जताई जा रही है. इनमें एक गंभीर मरीज, उनके परिजन, एक डॉक्टर, एक मेल नर्स तथा क्रू मेंबर शामिल बताए जा रहे हैं. कौन-कौन थे सवार विमान में एक पेशेंट, दो अटेंडेंट, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक स्टाफ और दो पायलट सवार थे. मरीज का नाम संजय कुमार, डॉक्टर का नाम विकास कुमार गुप्ता, दो पायलट का नाम कैप्टन विवेक विकास भगत और स्वराजदीप सिंह बताया जा रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड में आ गए हैं. संभावित क्षेत्र में व्यापक खोज एवं राहत अभियान शुरू कर दिया गया है. फिलहाल प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की प्रतिक्रिया राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि यह खबर बेहद चिंताजनक और झकझोर देने वाली है. पांच जिंदगियां दांव पर हैं. मैंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने और सभी उपलब्ध संसाधन झोंकने का निर्देश दिया है. हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता सभी यात्रियों की सुरक्षित बरामदगी है.