बोकारो के ईएसएच इस्पात फैक्ट्री मालिक को रंगदारी की धमकी, व्हाट्सएप पर मिला मैसेज
न्यूज11 भारत बोकारो/डेस्क: बोकारो जिले के बालीडीह इंडस्ट्रियल एरिया में एक बार फिर अपराधियों ने उद्योगपति को निशाना बनाते हुए रंगदारी की मांग की है. इस घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईएसएच इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के मालिक संजय राय को 15 मार्च की दोपहर एक अज्ञात मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश मिला. मैसेज में उनसे मोटी रकम की मांग की गई और चेतावनी दी गई कि मांग पूरी नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. संदेश में यह भी दावा किया गया कि संजय राय और उनके परिवार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. घटना के बाद संजय राय ने इसकी लिखित शिकायत बालीडीह पुलिस से की. शिकायत के आधार पर बुधवार को पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर के धारक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने टेक्निकल सेल की मदद ली है, ताकि आरोपियों की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा सके. गौरतलब है कि बालीडीह और आसपास के क्षेत्रों में रंगदारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. हाल ही में निर्माणाधीन बीएमडब्ल्यू प्रोजेक्ट से जुड़े कर्मचारियों से भी रंगदारी मांगी गई थी. इसके अलावा एक स्क्रैप और शराब व्यवसायी को भी रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है. लगातार बढ़ती इन आपराधिक घटनाओं ने बालीडीह ओपी और बीएस सिटी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय उद्यमियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. ये भी पढ़ें- ग्रामीण विकास विभाग टेंडर घोटाला मामले में ED की कार्रवाई तेज, बनाए गए 14 नए आरोपी