मतदाता सूची में गड़बड़ियों को दूर करने के लिए BLA-2 का गठन, स्थानीय लोगों के अधिकारों की होगी रक्षा: अमित महतो
संतोष मेहता/न्यूज़ 11 भारत सिल्ली/डेस्क: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सिल्ली विधानसभा क्षेत्र की ओर से सोमवार को प्रेम वाटिका, सिल्ली में बीएलए (Booth Level Agent) की बैठक आयोजित की गई. बैठक में आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया. इस अवसर पर सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो ने कहा कि मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से पार्टी द्वारा BLA-2 का गठन किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि BLA-2 कार्यकर्ता क्षेत्र के बीएलओ (Booth Level Officer) के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करेंगे. विधायक ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची में शामिल ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी जो क्षेत्र के वास्तविक निवासी नहीं हैं. वहीं, जो लोग वर्षों से यहां रह रहे हैं और वैध रूप से मतदाता बनने के हकदार हैं, उनका नाम सूची में सुनिश्चित कराने में भी BLA-2 की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध और सही मतदाता सूची आवश्यक है. इसलिए सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें तथा किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने न दें. बैठक में झामुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बूथ स्तरीय प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. संगठन की ओर से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.