14वीं जेपीएससी परीक्षा में गड़बड़ी और युवाओं के मुद्दों पर प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगा भाजयुमो
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी बैठक प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में 14वीं जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम को लेकर उठ रहे सवालों, रोजगार, नियोजन नियमावली और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई. साथ ही आगामी आंदोलन की रूपरेखा भी तय की गई.
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा हमेशा झारखंड के युवाओं की आवाज़ रहा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया.
भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कहा कि राज्य सरकार ने चुनाव के समय 1932 आधारित नियोजन नीति का वादा किया था, लेकिन आज भी कई नियुक्तियां पुराने 1985 कट-ऑफ के आधार पर की जा रही हैं. इससे सरकार के वादों और वास्तविकता के बीच का अंतर साफ दिखाई देता है.
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि झारखंड का युवा रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की उम्मीद कर रहा है, लेकिन वर्तमान सरकार इन अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है. उन्होंने कहा कि सरकार अब तक स्पष्ट और स्थायी नियोजन नियमावली नहीं बना सकी है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
बैठक में रोजगार, लंबित भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही देरी, बढ़ते पलायन और जेपीएससी भर्ती प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर भी चिंता व्यक्त की गई. नेताओं ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है.
बैठक में निर्णय लिया गया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा पूरे झारखंड में जनजागरण अभियान चलाएगा और रोजगार, नियोजन नियमावली, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया तथा युवाओं के अधिकारों के मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा. बैठक में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, भाजयुमो प्रदेश प्रभारी विनय जायसवाल सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी उपस्थित थे. बैठक का संचालन भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने किया.