बरवाडीह के 15वें एसडीपीओ बने बीरेंद्र राम, संभाला पदभार, नियुक्ति से क्षेत्र के लोगों में उत्साह
प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह /डेस्क: बरवाडीह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के रूप में बीरेंद्र राम ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया. उनके योगदान देते ही पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया. बरवाडीह में उनकी नियुक्ति को लेकर क्षेत्र के लोगों में भी उत्साह देखा जा रहा है.
बीरेंद्र राम इससे पूर्व भी बरवाडीह थाना क्षेत्र से जुड़े रह चुके हैं. उन्होंने वर्ष 2010 से 2012 तक बरवाडीह थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं. लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर उनकी वापसी बरवाडीह में हुई है, इस बार वे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के महत्वपूर्ण दायित्व के साथ लौटे हैं.
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा शांति और सुरक्षा कायम रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाएगा.
नवपदस्थापित एसडीपीओ ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता का विश्वास जीतना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: सिमडेगा की दो बेटियां करेंगी एशिया में भारत का प्रतिनिधित्व, U-18 महिला हॉकी एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयन