सांसद कालीचरण सिंह की पहल से बरवाडीह को मिले 100 व 200 केवीए के नए ट्रांसफार्मर
प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह आदर्श नगर में ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद कई दिनों से बिजली संकट झेल रहे बरवाडीह बाजार एवं आसपास के लोगों को बड़ी राहत मिली है. सांसद कालीचरण सिंह की पहल पर विद्युत विभाग ने 100 केवीए और 200 केवीए के दो नए ट्रांसफार्मर उपलब्ध करा दिए हैं. 100 केवीए का ट्रांसफार्मर शनिवार को तथा 200 केवीए का ट्रांसफार्मर रविवार को पहुंच गया. विभाग के अनुसार रविवार रात 12 बजे से पहले बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी. अब तक पूरे पंचमुखी मोहल्ला और बाजार क्षेत्र का भार एक ही 200 केवीए ट्रांसफार्मर पर था, जिससे बार-बार तकनीकी खराबी और ओवरलोड की समस्या उत्पन्न हो रही थी. दो नए ट्रांसफार्मर लगने के बाद लोड का संतुलित वितरण होगा और बिजली व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ एवं स्थिर होने की उम्मीद है.
इससे पूर्व शुक्रवार को सांसद कालीचरण सिंह के निर्देश पर जिला सांसद प्रतिनिधि सह बरवाडीह प्रभारी छोटू राजा के नेतृत्व में बरवाडीह प्रतिनिधि दीपक राज एवं पत्रकार मयंक विश्वकर्मा ने विद्युत विभाग के प्रमंडलीय महाप्रबंधक श्रवण कुमार से मुलाकात की थी. इस दौरान दो नए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने के साथ-साथ मस्जिद मोहल्ला में आवासीय मकानों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन को हटाने के मुद्दे पर भी सार्थक चर्चा हुई. दोनों ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने पर बरवाडीह व्यवसायिक संघ एवं पंचमुखी मोहल्ला के लोगों ने सांसद कालीचरण सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया. लोगों ने कहा कि सांसद ने स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित पहल की, जिससे लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है.
सांसद प्रतिनिधि सह व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज ने कहा कि बरवाडीह की जनता का प्यार, विश्वास और अपनापन ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है. आप सभी के विश्वास का ऋण मैं कभी नहीं चुका सकता, लेकिन जीवन भर आपके सुख-दुःख में साथ खड़े रहने का प्रयास जरूर करूंगा. मेरी पहचान किसी पद से नहीं, बल्कि आप सभी के विश्वास से है. क्षेत्र की हर समस्या को अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे भी पूरी निष्ठा के साथ आवाज़ उठाता रहूंगा. आपका आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है.