रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति के

रांची के जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति का बैंक खाता फ्रीज, PAN के गलत इस्तेमाल पर केनरा बैंक ने की कार्रवाई

न्यूज़11 भारत  रांची/डेस्क: रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति के बैंक खाते को केनरा बैंक ने तत्काल प्रभाव से फ्रीज कर दिया है. यह कार्रवाई मंदिर पुनर्निर्माण समिति के PAN के दुरुपयोग के मामले में की गई है. बैंक ने न्यास समिति को नया और वैध PAN उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. वैध PAN जमा करने के बाद ही बैंक खाते का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा.

जानकारी के अनुसार, मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य के लिए अलग से गठित पुनर्निर्माण समिति का PAN बैंकिंग कार्यों में इस्तेमाल किया जा रहा था. बताया जा रहा है कि जीर्णोद्धार कार्य पूरा होने के बाद यह समिति भंग हो चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद उसी PAN के आधार पर बैंक लेन-देन जारी रखा गया, जिसे नियमों के विरुद्ध माना गया.

यह मामला तब सामने आया जब हाईकोर्ट के अधिवक्ता हर्ष कुमार ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत की प्रतियां रांची के उपायुक्त (DC), केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) और वित्त मंत्रालय को भी भेजी गई थीं. प्रारंभिक जांच में शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाने के बाद केनरा बैंक ने कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खाते पर तत्काल रोक लगा दी. बैंक ने स्पष्ट किया है कि न्यास समिति को अब अपना वैध PAN प्रस्तुत करना होगा. आवश्यक दस्तावेज जमा होने और प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अकाउंट खुलेगा.

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर