बहरागोड़ा: बरसोल में जंगली हाथी के हमले में महिला व बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: :बरसोल थाना क्षेत्र की सांड्रा पंचायत अंतर्गत लुगाहारा और लोधनबोनी गांव में बुधवार को जंगली हाथी के हमले में एक महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है. घायल प्रमिला महतो (लुगाहारा) और बोना महाकुड़ (लोधनबोनी) अपने खेतों में काजू तोड़ने गए थे, तभी झाड़ियों में छिपे हाथी ने अचानक उन पर हमला बोल दिया. ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह हाथी को खदेड़ा, जिसके बाद प्रमिला महतो को झाड़ग्राम और बोना महाकुड़ को गोपीबल्लवपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया. ग्रामीणों का आरोप है कि करीब 15 दिन पूर्व हाथियों को बंगाल की ओर खदेड़ा गया था, लेकिन एक सप्ताह से वे पुनः लौटकर फसलों और घरों को नुकसान पहुँचा रहे हैं. वन विभाग को पूर्व में सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है; लोग रातों की नींद और खेतों की फसलें बर्बाद होने के कारण प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं.