झारखंड

चंदवा में SIR को लेकर कामता पंचायत में जागरूकता अभियान, अयुब खान ने लोगों को किया सचेत

राहुल कुमार/ न्यूज11भारत चंदवा/डेस्क: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत कामता पंचायत में पंचायत समिति सदस्य अयुब खान द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया. रविवार को ग्राम चटुआग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की विस्तृत जानकारी दी गई तथा निर्वाचन विभाग द्वारा जारी अनमैप्ड मतदाताओं की सूची से अवगत कराया गया.

अयुब खान ने बताया कि पंचायत के विभिन्न गांवों में बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता हैं जिनका नाम अनमैप्ड सूची में शामिल है और वे अब तक SIR प्रक्रिया से नहीं जुड़ पाए हैं. उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से बाहर न हो और न ही किसी सरकारी सुविधा से वंचित रह जाए.

उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सभी अनमैप्ड मतदाता अपने संबंधित बीएलओ (आंगनबाड़ी सेविका) से संपर्क कर सूची की जांच करें. यदि किसी का नाम अनमैप्ड सूची में है तो आवश्यक दस्तावेज जमा कर अपनी मैपिंग अवश्य कराएं. ऐसा नहीं करने पर मतदाता सूची से नाम हटने की संभावना है, जिससे मतदान के अधिकार के साथ-साथ कई सरकारी सुविधाओं पर भी असर पड़ सकता है. अयुब खान ने कहा कि हर घर और हर व्यक्ति तक इस अभियान की  जानकारी पहुंचाना जरूरी है ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रह जाए और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उसकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके.

यह भी पढ़ें: DISHA की बैठक में सांसद ने दिए कड़े निर्देश, योजनाओं का क्रियान्वयन धरातल पर दिखे, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई