दंगवार बाजार में लाखो की जेवर लूट की कोशिश नाकाम, एक बदमाश को ग्रामीणों ने दबोच पुलिस को सौंपा
विकास कुमार/न्यूज11 भारत हुसैनाबाद/डेस्क: पलामू जिला क़े हुसैनाबाद प्रखंड के दंगवार मुख्य बाजार में शनिवार की शाम लाखो रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूटने की कोशिश स्थानीय लोगों की सतर्कता और साहस से विफल हो गई. घटना में शामिल एक युवक को लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया, जबकि उसका साथी बाइक लेकर फरार होने में सफल रहा. जानकारी के अनुसार, मुख्य बाजार स्थित मां शांति ज्वेलर्स के संचालक श्रवण सोनी अपने पुत्र अंश कुमार सोनी के साथ दुकान बंद कर करीब छह लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर घर जा रहे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और अंश कुमार के हाथ से जेवरों से भरा बैग छीनकर भागने लगे. अंश कुमार ने बिना घबराए बदमाशों का पीछा किया और उन्हें पकड़ने का प्रयास किया. इसी बीच स्थानीय लोगो ने साहस दिखाते हुए एक बदमाश को दबोच लिया. हालांकि उसका दूसरा साथी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही दंगवार पिकेट पुलिस मौके पर पहुंची. दंगवार पिकेट प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने पकड़े गए आरोपी को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित हुसैनाबाद थाना भेज दिया.पुलिस उससे पूछताछ कर रही है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है.