ऐसे प्रशिक्षण शिविर सांगठनिक निष्ठा, वैचारिक स्पष्

पलामू में भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को मिला वैचारिक, संगठनात्मक एवं व्यवहारिक मार्गदर्शन

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: पलामू महाराजा पैलेस में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. कार्यक्रम में दोनों नेताओं द्वारा अपने सम्बोधन से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति एवं राष्ट्रहित के संकल्प को लेकर मार्गदर्शन प्रदान किया गया.

मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और स्वाभाविक रूप से हमारा दायित्व भी उतना ही व्यापक है. ऐसे प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति निष्ठा, वैचारिक स्पष्टता, सेवा भाव एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पण को और अधिक सशक्त बनाते हैं. पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026’ केवल एक कार्यक्रम नहीं है बल्कि यह संगठन की विचारधारा, सेवा और राष्ट्र समर्पण को मजबूत करने का अभियान है. प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ता न केवल संगठन की विचारधारा, बल्कि व्यावहारिक कार्ययोजना से भी अवगत होते हैं.

वहीं जिला प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय सत्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, सेवा भाव और जनसंपर्क के प्रति अधिक जागरूक एवं सक्रिय बनाने का सशक्त माध्यम है. पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का अंत्योदय और राष्ट्रसेवा का विचार आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता को जनहित के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है. विचारों की मजबूती ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति होती है. इस अवसर पर महामंत्री संगठन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह,  विधायक द्वय आलोक चौरसिया एवं शशिभूषण मेहता, पूर्व विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी, पुष्पा देवी, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे.

यह भी पढ़ें- पूर्व CM रघुवर दास  ने बिजली से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखा पत्र