झारखंड

अशोक प्रसाद कश्यप बने एसबीएस महाविद्यालय के नए दानदाता सदस्य, सर्वसम्मति से हुआ निर्णय

न्यूज11 भारत हुसैनाबाद/डेस्क: शहीद भगत सिंह महाविद्यालय, जपला के विकास एवं प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शुक्रवार को प्राचार्य कक्ष में एक अहम बैठक आयोजित की गई. यह बैठक झारखंड अधिविध परिषद्, रांची के निर्देशानुसार संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य अरविंद कुमार सिंह ने की. 

बैठक का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय प्रबंधन के लिए दानदाता सदस्य का चयन करना था, ताकि संस्थान के विकास कार्यों को और गति दी जा सके तथा प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके. इस दौरान उपस्थित दानदाताओं एवं शिक्षकों के बीच विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें महाविद्यालय की वर्तमान स्थिति, संसाधनों की आवश्यकता और भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया. 

चर्चा के उपरांत सभी दानदाताओं ने सर्वसम्मति से अशोक प्रसाद कश्यप के नाम पर अपनी सहमति जताई. उनके नाम का प्रस्ताव सुशील कुमार सिंह द्वारा रखा गया, जिसका समर्थन रानी सिंह ने किया. सर्वसम्मति से हुए इस चयन को महाविद्यालय के लिए एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है. चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रभारी प्राचार्य ने नवनियुक्त दानदाता सदस्य अशोक कश्यप एवं शिक्षक प्रतिनिधि संजय कुमार सिंह को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया. इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि नए सदस्य के जुड़ने से महाविद्यालय के विकास कार्यों में तेजी आएगी और संस्थान को नई दिशा मिलेगी. 

बैठक में व्याख्याता कृष्णा कुमार सिंह, राकेश रंजन सिंह, ममता सिंह, नागेंद्र प्रसाद सिंह, धनंजय कुमार सिंह, अनिल कुमार सिंह, कंचन कुमार सिंह, आकाश कुमार सिंह, अमित रंजन मिश्रा, मो. मुकसिद सहित प्रधान सहायक अंशुल सिन्हा, अरुण कुमार सिंह, नागेंद्र सिंह, सुधांशु, संदीप, संतोष समेत कई शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित रहे. सभी ने अपने-अपने विचार रखते हुए महाविद्यालय के समग्र विकास पर बल दिया. बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ. इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने नवनियुक्त सदस्य को बधाई दी तथा महाविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

यह भी पढ़ें: नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल 26 अप्रैल को, एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला होंगे मुख्य अतिथि