कांग्रेस की घटिया दोहरी राजनीति उजागर

सत्ता के लिए साथ, हार के बाद राजद और माले गद्दार और भ्रष्टाचारी: प्रतुल शाह देव

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस में मची बौखलाहट अब सार्वजनिक कलह में बदल गई है. भाजपा के प्रतुल ने कहा कि कांग्रेस के प्रभारी के. राजू द्वारा सहयोगी दलों को भ्रष्टाचारी और धोखेबाज बताना तथा कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा द्वारा उन्हें गद्दार कहना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस हार के सदमे से उबर नहीं पा रही है और अब अपनी विफलता का ठीकरा दूसरों के सिर फोड़ रही है.

प्रतुल ने कहा कि कांग्रेस के प्रभारी के राजू के पास संजय जैसी दिव्य दृष्टि हो गई कि उन्हें दूसरे दलों के विधायकों के द्वारा दिए गए वोट भी दिखने लगे? कांग्रेस को देश और झारखंड की जनता को बताना चाहिए कि जिस राजद और माले जैसे दलों के साथ वह वर्षों तक सत्ता का सुख भोगती रही, जिनके साथ मिलकर सरकारें चलाईं, चुनाव लड़े और राजनीतिक लाभ उठाया, आज अचानक वही दल कांग्रेस की नजर में भ्रष्टाचारी, धोखेबाज और गद्दार कैसे हो गए? अगर वे इतने ही अविश्वसनीय थे तो कांग्रेस उनके साथ सत्ता में क्यों बैठी थी? और अगर नहीं थे, तो आज हार के बाद ऐसे आरोप लगाकर कांग्रेस अपनी राजनीतिक दिवालियापन का परिचय क्यों दे रही है.

प्रतुल ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास यही रहा है. जब तक सत्ता मिलती है तब तक साथी अच्छे लगते हैं, लेकिन जैसे ही राजनीतिक झटका लगता है, कांग्रेस अपने सहयोगियों पर ही कीचड़ उछालने लगती है. यह वही कांग्रेस है जिसमें रातों-रात सत्ता के लिए अपने वर्षों पुराने विश्वस्त सहयोगी डीएमके का हाथ रातों रात छोड़कर सत्ता के लिए टीवीके का हाथ थाम लिया था.प्रतुल ने कहा कि यह कांग्रेस की पुरानी संस्कृति रही है.अपनी हार की जिम्मेदारी कभी स्वीकार मत करो, किसी और को दोषी ठहरा दो. राज्यसभा चुनाव में मिली शिकस्त के बाद कांग्रेस की हताशा और अहंकार दोनों सामने आ गए हैं. जनता देख रही है कि जो पार्टी अपने सहयोगियों का सम्मान नहीं कर सकती, वह जनता के विश्वास का सम्मान क्या करेगी.

यह भी पढ़ें- नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी से मिले आजसू नेता हरेलाल महतो