झारखंड

बरवाडीह में कल्याण योजनाओं में भारी गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों ने उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता से की निष्पक्ष जांच की मांग

प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत

बरवाडीह/डेस्क:  बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं. ग्रामीणों ने निर्माण कार्यों में नियमों की अनदेखी, गुणवत्ता में कमी और पारदर्शिता के अभाव को लेकर सवाल उठाए हैं.मामला ग्राम कोलपुरवा में कब्रिस्तान की चहारदीवारी निर्माण, पोखरीखुर्द में कब्रिस्तान के जीर्णोद्धार तथा कुटमू में सरना स्थल की चारदीवारी निर्माण से जुड़ा है. ग्रामीणों का आरोप है कि किसी भी कार्यस्थल पर सूचना पट्ट नहीं लगाया गया है और न ही योजना की लागत,कार्यावधि एवं अभिकर्ता संबंधी विवरण प्रदर्शित किया गया है,जो सरकारी प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है. इससे योजनाओं की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं.स्थानीय लोगों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं.

उनका कहना है कि कार्य में निम्न गुणवत्ता की ईंट, सीमेंट, छड़ और गिट्टी का उपयोग किया जा रहा है. विशेष रूप से कुटमू में सरना स्थल की चारदीवारी में 8 एवं 10 एमएम सरिया के प्रयोग और कमजोर ईंट लगाने की बात कही गई है. आरोप है कि घटिया निर्माण को छिपाने के लिए कार्य को जल्दबाजी में पूरा करने की कोशिश की जा रही है.वहीं पोखरीखुर्द के ग्रामीणों का दावा है कि कब्रिस्तान का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पहले ही स्थानीय कमेटी द्वारा कराया जा चुका था.इसके बावजूद विभागीय योजना के तहत पुनः कार्य दिखाया जा रहा है, जिससे वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई जा रही है.ग्रामीणों ने कल्याण विभाग के कनीय अभियंता और बिचौलियों की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए लातेहार के उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे.

यह भी पढ़ें: अहिल्यापुर स्थित हुलकी नदी के पास सड़क हादसा, झामुमो नेता वैजनाथ मुर्मू समेत दो घायल