सरहू के गैरमजरूआ आहर में मिट्टी भर कर अतिक्रमण करने का आरोप, ग्रामीणों ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
न्यूज11 भारत पलामू/डेस्क: हुसैनाबाद प्रखंड अंतर्गत सरहू गांव में गैरमजरूआ आम आहर भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है. इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा हुसैनाबाद सीओ, अनुमंडल पदाधिकारी एवं हुसैनाबाद थाना को आवेदन देकर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है. आवेदन में बताया गया है कि मौजा सरहू, थाना संख्या 467, खाता संख्या 126, प्लॉट संख्या 702, रकबा 71 डिसमिल की भूमि गैरमजरूआ आम आहर के रूप में दर्ज है. ग्रामीणों के अनुसार उक्त आहर में वर्षा जल एवं नहर का पानी संग्रहित होता है, जिससे लगभग 100 एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई की जाती है. इसी भूमि के पूर्वी भाग में आंगनबाड़ी केंद्र भवन एवं मोबाइल टावर भी स्थित है.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि 22 मई 2026 से गांव के कुछ लोग अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर उक्त गैरमजरूआ आम भूमि में निजी उपयोग एवं निर्माण कार्य के उद्देश्य से मिट्टी भराई करा रहे हैं. ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने और मुखिया को सूचना देने के बावजूद कार्य जारी है. आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में प्रशासन द्वारा उक्त भूमि की मापी कराई गई थी, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि आहर में मिट्टी भराई और अवैध कब्जे की वजह से गांव में तनाव का माहौल बन गया है.
इससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है तथा किसी भी समय विवाद बढ़कर अप्रिय घटना का रूप ले सकता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने, अतिक्रमण पर रोक लगाने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. बताया जाता है की संबंधित अधिकारियो को 27 मई को आवेदन दिया गया था लेकिन अभी तक कोई स्थल पर नहीं पहुंच सकें है.