वायरल ऑडियो के बाद चास थाना प्रभारी पर गिरी गाज, एसपी ने सुषमा कुमारी का किया ट्रांसफर
न्यूज़11 भारत बोकारो/डेस्क: बोकारो से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. वायरल ऑडियो के बाद चास थाना प्रभारी पर गाज गिरी है. थाना प्रभारी सुषमा कुमारी का ट्रांसफर कर डिय गया है. बताया जा रहा है कि चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक युवक से अभद्र भाषा में बात करती सुनाई दे रही हैं. ऑडियो में युवक का नाम अजय बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, पहले एक महिला पुलिसकर्मी ने युवक को फोन किया, जिसके बाद थाना प्रभारी से उसकी बात कराई गई. बातचीत के दौरान युवक ने बताया कि वह अपनी दादी के साथ डॉक्टर के पास है, लेकिन इसके बावजूद थाना प्रभारी ने उसे 15 मिनट के भीतर थाने पहुंचने का दबाव बनाया. आरोप है कि इस दौरान युवक के साथ गाली-गलौज की गई और समय पर नहीं पहुंचने पर गाड़ी भेजकर उठवा लेने की भी बात कही गई. मामले के संज्ञान में आते ही एसपी हरविंदर सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर दिया है. उन्हें अगले आदेश तक पुलिस केंद्र, बोकारो में पदस्थापित किया गया है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि वायरल ऑडियो की जांच के बाद ही यह कार्रवाई की गई है. फिलहाल इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और मामले को लेकर आगे की जांच जारी है. ये भी पढ़ें- बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर गढ़वा में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक